शिव महापुराण कथा में सेवा का संगम: 52 दिव्यांगों को मिली स्कूटी, खिले चेहरे

भीलवाड़ा समाचार 
भीलवाड़ा (महेन्द्र नागौरी)
मेडिसिटी स्थित श्री शिव महापुराण कथा प्रांगण में सोमवार को सेवा, संवेदना और सहयोग का अनूठा दृश्य देखने को मिला, जब 52 दिव्यांगजनों को स्कूटी वितरित कर उन्हें आत्मनिर्भरता की नई राह दी गई। कार्यक्रम में स्कूटी पाकर दिव्यांगजनों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कथा व्यास पंडित प्रदीप मिश्रा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस गरिमामय कार्यक्रम में सांसद दामोदर अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, कपासन विधायक अर्जुनलाल जीनगर एवं पूर्व सभापति ओम नाराणीवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी के नेतृत्व में आयोजित इस पहल के तहत 52 दिव्यांगजनों को स्कूटी प्रदान की गई। अतिथियों ने दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनने का संदेश देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को भोजन प्रसादी भी वितरित की गई। संचालन भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री बाबूलाल टाक ने किया। इस मौके पर पवन लोढ़ा, अभिषेक जैन, ओमप्रकाश दमामी, सोनिया जाजू, पूजा जैन, ऋषि लोढ़ा सहित कई पदाधिकारियों ने लाभार्थियों को बधाई दी।
समारोह में भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे, जिससे कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण और भावनात्मक बन गया।